जयपुर एयरपोर्ट पर 15 फरवरी से रनवे का नोटम शुरू होगा। अभी रोजाना दिन में 2 घंटे का नोटम रहता है। फिलहाल रोज दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े चार बजे तक 2 घंटे की अवधि में रनवे के मेंटीनेंस का कार्य किया जाता है। 15 फरवरी से जयपुर एयरपोर्ट के रनवे के समानांतर टैक्सी ट्रैक बनाने का कार्य होगा। इससे पहले भी टैक्सी ट्रैक बनाने के लिए 4 बार नोटम लिया जा चुका है। टैक्सी ट्रैक का विस्तार अब रनवे के समानांतर जगतपुरा हिस्से की तरफ अंतिम छोर तक किया जाएगा। नोटम के तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक यानी 6 घंटे के लिए फ्लाइट्स का संचालन नहीं होगा। टैक्सी ट्रैक को नोटम के दौरान रनवे से जोड़ा जाएगा। 30 जून 2020 तक चलने वाले नोटम के दौरान रात की फ्लाइट्स को दूसरे समय पर रिशेड्यूल किया जाएगा।
इस दौरान रात के समय 6 घंटे में संचालित होने वाली फ्लाइट्स प्रभावित होंगी। आपको बता दें कि इससे पहले भी जयपुर एयरपोर्ट पर रनवे का नोटम लगता रहा है। पिछले साल भी 6 फरवरी से 30 जून तक करीब 5 माह के लिए रनवे नोटम लिया गया था और इस दौरान रात में 6 घंटे तक फ्लाइट्स का संचालन बंद रहता था। इसी तरह इस बार लगने वाले नोटम में भी फ्लाइट्स प्रभावित होंगी। हालांकि पैरेलल टैक्सी ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा होने पर हवाई यात्रियों को फायदा होगा। दरअसल लैंडिंग और टेक ऑफ के दाैरान प्रत्येक विमान के समय में 3 मिनट की बचत होगी। एक विमान की लैंडिंग के दौरान दूसरा विमान टैक्सी ट्रैक पर होकर टेक ऑफ के लिए जा सकेगा। इससे 1 घंटे में 18 से 20 विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।
इन फ्लाइट्स का संचालन होगा प्रभावित
- थाई स्माइल की रात 2:15 बजे बैंकॉक जाने वाली फ्लाइट डब्ल्यूई-344 अब रात 10:15 बजे जाएगी
- एयर एशिया की रात 11:15 बजे कुआलालंपुर जाने वाली फ्लाइट डी7-195 अब रात 9:30 बजे जाएगी
- एयर अरबिया की सुबह 4:05 बजे शारजाह की फ्लाइट जी9-436 अब सुबह 6:20 बजे जाएगी
- एयर इंडिया की सुबह 5:45 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइट आईएक्स-195 अब सुबह 6:35 बजे जाएगी
- इंडिगो की जयपुर से सुबह 4:50 बजे अहमदाबाद की फ्लाइट 6ई-6806 15 फरवरी से बंद होगी।
- इंडिगो की सुबह 5 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट 6ई-218 अब सुबह 5:35 बजे जाएगी
- इंडिगो की रात 11:10 बजे बेंगलूरु से आने वाली फ्लाइट 6ई-838 अब रात 10:15 बजे आएगी।